Manmohan Singh Death: देश के पूर्व प्रधानमंत्री और मशहूर अर्थशास्त्री रहे डॉ मनमोहन सिंह के निधन के बाद पूरा देश शोक में है। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी समेत सभी शीर्ष नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है। वहीं संघ प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि भारत के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
दोनों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश अत्यंत दुखी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार एवं प्रियजनों तथा अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को हमेशा याद रखेगा भारत
संघ ने अपने बयान में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री साधारण पृष्ठभूमि से आते थे। इसके बावजूद उन्होंने देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित किया। मोहन भागवत ने बयान में कहा कि प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ सिंह के भारत के लिए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।
आर्थिक सुधारों के जनक थे डॉ. मनमोहन सिंह
भारत में आर्थिक सुधारों के जनक मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार रात को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। मनमोहन सिंह कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में 2004 से 2014 तक, 10 वर्ष देश के प्रधानमंत्री रहे। उससे पहले उन्होंने पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में मदद की। वह वैश्विक वित्तीय और आर्थिक क्षेत्रों में एक प्रसिद्ध नाम थे।
हर दल के लिए रहते थे उपलब्ध
डॉ मनमोहन सिंह को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डॉ सिंह ने अपने दायित्वों का निर्वाह किया। उन्होंने हर क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की। वह एक विलक्षण नेता और नेकदिल इंसान थे। डॉ सिंह कांग्रेस में होने के बावजूद हर दल के नेताओं के लिए हमेशा उपलब्ध और तत्पर रहते थे। मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मनमोहन सिंह को भी याद किया।